img

रितेश पांडेय का इतिहास

रितेश पांडेय

रितेश पांडेय बहुजन समाज पार्टी के विश्वसनीय नेता एवं उत्तरप्रदेश के अम्‍बेडकर नगर से 17 वीं लोकसभा के सदस्य हैं। यह समाज हित हेतु अपनी आवाज सदैव बुलंद करते रहते हैं। इनका संबंध राजनैतिक परिवार से है और यह एक समाजसेवी हैं।

निजी जीवन –

रितेश पांडेय का जन्म उत्तरप्रदेश के लखनऊ जिला में  03 अप्रैल 1981 को हुआ था। इनके पिता का नाम राकेश पांडेय और माता का नाम मंजू पांडेय है। इनके बड़े भाई आशीष पांडेय हैं जो पेशे से व्यापारी हैं। इनकी पत्नी का नाम कैथरीना है जो इंग्लैंड की निवासी हैं। कैथरीना मनोविज्ञान (सायकॉलजी) में डॉक्टरेट के लिए अध्ययनरत हैं और उनके पिता इंग्लैंड में चिकित्सक हैं। इनका परिवार राजनीति में अच्छी पकड़ रखता है। इनके पिता जलालपुर से विधायक और अम्बेडकर नगर से सांसद रह चुके हैं। वहीं इनके चाचा पवन पांडेय अकबरपुर से विधायक हैं।

शिक्षा –

रितेश पांडेय ने अपनी आरंभिक शिक्षा भारत से पूरी की और स्नातक की पढ़ाई के लिए यह विदेश चले गए। इन्होंने 2005 में लन्दन के यूरोपियन बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिसनेस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है।

राजनीतिक जीवन-

रितेश पांडेय को राजनीति विरासत में प्राप्त हुई। इनकी राजनीति में प्रत्यक्ष रूप से एंट्री साल 2012  के विधानसभा चुनाव के दौरान हुई। 2012 में इन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन यह समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शेर बहादुर सिंह से हार गए।  साल 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जलालपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक के रूप में चुना गया था। वहीं साल 2019 में बसपा के टिकट से इन्होंने संसदीय क्षेत्र अम्‍बेडकर नगर से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर संसद पहुंचे। साल 2020 में यह लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के फ्लोर लीडर बने। यह – संसद में एक प्रमुख राष्ट्रीय पार्टी का नेतृत्व करने वाले सबसे कम उम्र के सांसदों में से एक हैं।  वर्तमान में यह 17 वीं लोकसभा के सदस्य हैं। इन्होंने 23 मई 2019 को पदभार ग्रहण किया। इन्हें देश के 539 सांसदों में पार्लियामेंट्री बिजनेस सर्वे में 19वां स्थान मिला है।